Hot Posts

6/recent/ticker-posts

महंगे शौक पूरे करने और जल्द अमीर बनने की होड़ में छात्र बने डकैत

पकड़े जाने पर निकल गई हेकड़ी, अब खानी पड़ी जेल की हवा 

चन्दौली (मुगलसराय)। महंगे शौक पूरा करने और अमीर बनने की जल्दबाज़ी में रेकी कर पैसे चोरी की साजिश रचने वाले चार छात्रों को थाना मुगलसराय पुलिस ने धर दबोचा है। एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पड़ाव–भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए बुधवार को आरोपियों को हिरासत में लिया और जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार सेल्समैंन महताब अहमद को 21 मई को सुबह लगभग 11 बजे मोपेड से पड़ाव से भोजपुर जाते समय ग्राम चौरहट मुख्य सड़क पर पीछे से आए दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच नकाबपोश युवकों ने धक्का देकर गिरा दिया और उसका बैग छीन लिया। बैग में कुल ₹1,34,000 रखे थे। पीड़ित ने थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 250/2026 की नामजद तहरीर दी।



जांच में पुलिस ने लगभग 25 किलोमीटर के दायरे में लगे करीब 70 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सूचना पर ओपी गार्डेन के पास घेराबंदी कर टीम ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पढ़ाई कर रहे छात्र हैं, लेकिन जल्दी अमीर बनने की लालसा में उन्होंने यह साजिश रची। आरोपियों ने बताया कि आकाश यादव ने पीड़ित की मूवमेंट का पता लगाकर साथी को सूचना दी थी, जिससे लूट की योजना बनी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पाण्डेय, मोहम्मद तारिक अंसारी (उर्फ आर्यन) और देव सरकार (उर्फ दयाल) के रूप में हुई। तलाशी में कुल ₹60,000 नकद, दो इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और वादी का लूटा हुआ बैग बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शेष राशि आरोपियों ने पहले ही बाँट ली थी। एक आरोपित के विरुद्ध बनारस में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

थाना मुगलसराय तथा एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधि या संबंधित सीसीटीवी फुटेज मिलने पर तुरंत जानकारी दें ताकि अपराधों का समय पर खुलासा किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ