चंदौली के शहाबगंज क्षेत्र के हड़ौरा में किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने हड़ौरा रेगुलेटर पुल के क्षतिग्रस्त होने पर दुर्घटना के खतरे को लेकर दस बजे दिन में प्रदर्शन कर बंधी डिवीजन व सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) का ध्यान आकृष्ट कराया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों व ग्रामीणों ने कहा कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन व सिंचाई प्रभावित हो रहे हैं और यदि समय रहते मरम्मत न हुई तो बड़ी दुर्घटना संभव है।
प्रदर्शन के बाद शाम तक सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार व सहायक अभियंता पंकज खेमका ने तत्काल कदम उठाते हुए पुल पर चेतावनी व यातायात प्रतिबंधक बोर्ड लगवाये ताकि भारी वाहनों के आवागमन से हादसा न हो।
बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र, सहायक अभियंता मनोज सिंह और अवर अभियंता अजेश्वर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त स्लैब तोड़वाने और नया पुल बनवाने की तैयारियाँ तेज कर दीं। बंधी डिवीजन द्वारा रात-दिन जेसीबी से खखड़ा और खिलची ड्रेन की सफाई करायी जा रही है, जिसे देख कर किसान विकास मंच के नेताओं ने संतोष व्यक्त किया और अभियंता अजेश्वर सिंह व समस्त स्टाफ की सराहना की।
किसान विकास मंच के मंत्री राम अनंत पांडेय ने स्थान पर कई बार निरीक्षण किया और बंधी डिवीजन के अधिकारियों को पुल की चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव दिया ताकि आवागमन सुगम हो। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने भी मौके पर जाकर काम का जायजा लिया और PWD द्वारा उसी दिन इंडिकेटर बोर्ड लगवाने पर विभाग का धन्यवाद किया।
एक अन्य मुद्दे में राम अनंत पांडेय ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को वीडियो क्लिप भेजकर अनुरोध किया कि पेट्रोल पंपों पर किसानों को गैलन में डीजल लेने पर प्रतिबंध न लगाया जाए। उनका कहना था कि कई किसान जिनके पास ट्रैक्टर नहीं है, वह पंप से गैलन में डीजल लेकर पानी उड़ाते हैं; बार-बार ट्रैक्टर लेकर डीजल लेने में समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे, इसलिए इस तरह का प्रतिबंध हानिकारक रहेगा।
इस धन्यवाद ज्ञापन में किसान विकास मंच के राम अनंत पांडेय, राम अवध सिंह, राजीव सिंह, अमित यादव, इंद्रदेव यादव, प्रेम नाथ सिंह, दूधनाथ आदि शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ