Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शादी की तैयारियों के बीच घर आए BSF जवान की करंट लगने से मौत

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, साथियों ने भावभीनी 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर अंतिम विदाई दी

चन्दौली, 16 मई — शादी की तैयारियों के बीच घर पर करंट लगने से शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान 26 वर्षीय आनंद सिंह यादव का शनिवार को गुरैनी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। जवान को साथियों ने भावभीनी 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर अंतिम विदाई दी।

जानकारी के अनुसार, आनंद सिंह यादव चन्दौली जिले के धानापुर क्षेत्र के करजरा गांव के निवासी थे। वे 2022 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में छत्तीसगढ़ बटालियन में तैनात थे। परिवार के अनुसार वह अपनी आने वाली शादी की तैयारियों के लिए 15 दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। शुक्रवार को घर की सफाई के दौरान टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

शव आने पर पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। शनिवार को गुरैनी घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में उनके पिता रामबचन सिंह यादव ने पुत्र को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा और संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, रिश्तेदार तथा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।बीएसएफ के साथियों ने शहीद के प्रति श्रद्धांजलि जताई और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना की रिपोर्ट व जांच आगे की कार्रवाई के लिए दर्ज कर ली है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ