वाराणसी। करीब एक शताब्दी पुराने राजघाट पुल पर पुनः मरम्मत कार्य 14 जून से रात्री में शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बरसात से पहले पुल की जर्जर होती संरचना की सुधारात्मक कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिस से अनुमति मांगी थी; परंतु दिन के समय भारी यातायात दबाव को देखते हुए दिन में काम की अनुमति नहीं दी गई।
ट्रैफिक पुलिस के आदेशानुसार मरम्मत कार्य प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक किया जाएगा। इस अवधि में पुल पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि पैदल यात्रियों को आने—जाने की छूट रहेगी। फिलहाल अनुमति एक सप्ताह के लिए मिली है; काम की प्रगति और आवश्यकता के अनुसार इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि राजघाट पुल पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं और दिन में मरम्मत शुरू होने से लंबा जाम व यातायात बाधित होने की संभावना रहती है। जनवरी 2026 में जब दिन-रात दोनों समय मरम्मत की कोशिश की गई थी, तब आवागमन प्रभावित होने से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी और कार्य बीच में रोकना पड़ा था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार केवल रात्रिकालीन समय में मरम्मत करने का निर्णय लिया गया है।
पुल आवश्यक संपर्क मार्ग है और लगभग 100 वर्ष पुराना होने के कारण कई स्थानों पर कमजोर पड़ा हुआ है। पिछला स्थलीय निरीक्षण रेलवे व लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने किया था, जिसमें सड़क पर गड्ढे, क्षतिग्रस्त सतह व विस्तार जोड़ में तकनीकी खामियाँ सामने आई थीं। अधिकारियों का कहना है कि समय पर मरम्मत न हुई तो मानसून में हालात और बिगड़ सकते हैं।
राजघाट पुल पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने का एक प्रमुख कारण निकटवर्ती नमो घाट है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्यां में पर्यटक, श्रद्धालु और उच्चस्तरीय आवागमन होता है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि ऐसे में दिन के समय पुल पर मरम्मत कराने से नियंत्रण और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को मिली अनुमति के बाद वैकल्पिक मार्गों और संशोधित ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी सार्वजनिक कर दी जाएगी ताकि जनता को न्यूनतम असुविधा हो। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा कि मानसून से पहले आवश्यक मरम्मत को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और पुल की सुरक्षा व मजबूती को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से किए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ