Hot Posts

6/recent/ticker-posts

नौगढ़ में जर्जर हाई‑टेंशन लाइन ने ली मजदूर की जान,15 लाख मुआवजे व नौकरी की मांग, पहले भी हो चुकीं हैं कई मौतें


नौगढ़ (चंदौली), 26 जून 2026: विशेषरपुर के पुल के पास जर्जर 11,000 वोल्ट की हाई‑टेंशन लाइन और ढीले पोल की वजह से शुक्रवार सुबह एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे के दौरान ट्रक से कूदने पर बृजेश, धतूरा, सद्दाम, महेंद्र, बिंदु, नंदलाल, जगदीश, दिनेश, महेश, अनिल और राहुल घायल हो गए। बिजली विभाग की लापरवाही से यह चौथी मौत बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ट्रक (नंबर UP‑67 AT‑5822) पर सवार 12 मजदूर भूसा लादने के लिए दक्षिण दिशा जा रहे थे, तभी ट्रक हाई‑टेंशन तार से टकरा गया। तेज करंट लगने पर बाकी मजदूर ट्रक से कूदकर बच निकले, लेकिन अशोक कुमार (28) निवासी ग्राम आमडीह, मधुपुर, सोनभद्र ट्रक में फंसकर बेहोश हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद तुरंत बिजली विभाग के पावर हाउस को सूचना दी गई और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई। ग्रामीणों ने अशोक को बाहर निकालकर पहले साई हॉस्पिटल, सोनभद्र पहुंचाया, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ मेडिकल टीम ने कुछ समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल के पास नहर के किनारे लगे पोल व तारों की स्थिति स्थानीय लोगों ने बेहद जर्जर बताई। उन्होंने कहा कि यह तार अक्सर लटकता रहता था और क्षेत्र के लोग कई बार शिकायत कर चुके थे, बावजूद इसके बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोग आरोप लगा रहे हैं कि विभाग शिकायत आने पर प्रभावितों को ही दोषी ठहरा कर अपनी जवाबदेही टालता है, जिससे इलाके में गहरा रोष है।

मौके पर भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रामचंद्र राम और आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार भारती भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ा रोष जताया और मृतक परिवार के लिए 15 लाख रुपये मुआवजे तथा परिवार के किसी सदस्य के लिए एक सरकारी नौकरी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में त्वरित कार्रवाई न होने पर वे धरना‑प्रदर्शन और मार्ग अवरुद्ध कर व्यापक विरोध करेंगे।

दोनों नेताओं ने बताया कि पहली टिकुरिया, दूसरी पिपराही, तीसरा नौगढ़ बाजार और चौथा विशेषरपुर के पास इसी तरह जर्जर तार‑पोल की शिकायतें पहले भी दर्ज हैं। स्थानीय नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता अभी त्वरित मुआवजा, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और इलाके में तार‑पोलों की तत्काल मरम्मत व प्रतिस्थापन की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन तथा बिजली विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक बयान नहीं आया है। परिजन और स्थानीय नेता घटना की निष्पक्ष जांच, शीघ्र न्याय और मृतक के परिवार के लिए आर्थिक‑सामाजिक सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ