चंदौली के थाना मुगलसराय पुलिस ने सतपोखरी ग्राम में एक किराये की दुकान पर छापेमारी कर 70 किलो गोमांस और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो आरोपी मौके से भागने में सफल रहे और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के निर्देश पर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मेराज अहमद, कांस्टेबल परवेज अहमद और रिक्रूट कांस्टेबल आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने रविवार को सतपोखरी में संदिग्ध दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान करीब 70 किलो गोमांस बरामद हुआ और तीन संदिग्ध तस्करों को दबोचा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गोमांस बिहार के भभुआ क्षेत्र से लाकर यहां पर बेचते थे। मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजकुमार यादव ने प्रथम दृष्टया मांस को गौमांस बताया। मांस की पुष्टि के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
थाना प्रशासन ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और सूचना तंत्र को और तेज किया जा रहा है। इस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच चल रही है।
0 टिप्पणियाँ