चंदौली पुलिस ने 111 खोए मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को सौंपे
अब तक 418 मोबाइल लौटाकर बनाया नया रिकॉर्ड
चंदौली। चंदौली पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और तत्परता का परिचय देते हुए 111 गुमशुदा एवं खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹35.20 लाख बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने चंदौली पुलिस तथा सर्विलांस टीम के कार्यों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल से मिली सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामद करने के निर्देश दिए गए थे। गठित टीमों ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के बल पर विभिन्न स्थानों से कुल 111 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए।
मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
थानावार बरामद मोबाइलों का विवरण इस प्रकार है: बबुरी-9, चकरघट्टा-4, चकिया-7, चंदौली-12, धीना-8, इलिया-2, कंदवा-7, मुगलसराय-13, नौगढ़-1, सकलडीहा-31, शहाबगंज-6, सैयदराजा-7 तथा सर्विलांस सेल-4। इस प्रकार कुल 111 मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक स्वाट एवं सर्विलांस टीम तथा जनपद के विभिन्न थानों द्वारा कुल 418 गुमशुदा मोबाइल उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1.21 करोड़ है। इससे पहले 3 मार्च 2026 को 75 मोबाइल (लगभग ₹16 लाख), 20 अप्रैल 2026 को 121 मोबाइल (लगभग ₹36.30 लाख) तथा 3 जून 2026 को 111 मोबाइल (लगभग ₹33.30 लाख) बरामद कर वितरित किए जा चुके हैं।
मोबाइल बरामदगी अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित स्वाट एवं सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाए तो घबराएं नहीं। तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए संचार साथी पोर्टल या CEIR पोर्टल का उपयोग करें। इसके अलावा निकटतम पुलिस थाना, सीएससी केंद्र या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर भी आवश्यक कार्रवाई कराई जा सकती है।