Hot Posts

6/recent/ticker-posts

फिर जुड़ीं टूटी रिश्तों की डोर: चंदौली पुलिस ने दो बिछड़े दंपतियों का कराया पुनर्मिलन

चंदौली। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चंदौली पुलिस सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे "मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0" के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना कंदवा एवं थाना बलुआ/मिशन शक्ति केंद्र की पहल से मंगलवार को दो बिछड़े दंपतियों को समझा-बुझाकर पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कराया गया।
पारिवारिक विवाद के चलते पति व परिजनों के विरुद्ध प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर दोनों पक्षों को नोटिस एवं मोबाइल के माध्यम से थाना कंदवा और थाना बलुआ स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया। यहां पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की बातें सुनीं और पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास तथा रिश्तों के महत्व को समझाते हुए विस्तृत काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों ने बिना किसी दबाव के अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार किया और आपसी सहमति से नए सिरे से पति-पत्नी के रूप में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया।

इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र की मौजूदगी में दोनों दंपतियों के बीच चल रहे विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया और उन्हें परिजनों के साथ खुशी-खुशी विदा किया गया।
चंदौली पुलिस का यह प्रयास केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाकर समाज में आपसी सौहार्द और विश्वास कायम करने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ