चंदौली। धानापुर विकासखंड के एवती गांव में गंदा नाला जाम होने से हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और आसपास के गांवों में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और शीघ्र नाला सफाई कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि एवती गांव का करीब एक किलोमीटर लंबा गंदा नाला पूरी तरह जाम है। इसके कारण करजरा, रामरूपदासपुर समेत आसपास के गांवों का पानी भी नहीं निकल पा रहा है। जल निकासी बाधित होने से खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में पानी भर गया है। यह नाला आगे चलकर अगहर बीर बहुरिया नदी में मिलता है, लेकिन जाम होने के कारण पानी का बहाव पूरी तरह रुक गया है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण ओमप्रकाश यादव ने बताया कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद नाले की सफाई नहीं कराई गई। लगातार जलभराव के कारण खेतों में खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं जगह-जगह जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाले की सफाई कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में संतोष सिंह, ओमप्रकाश यादव, विशाल, बंगबहादुर मौर्य, विजय मौर्य, पप्पू मौर्य, जयप्रकाश सिंह, मनोहर राम, वीरेंद्र राम, मोहन सिंह, दीना सिंह, रविशंकर सिंह, राम उग्रह राम, पवन सिंह, जयराम यादव सहित दर्जनों किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ