Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री से वार्ता की मांग: गांव-गांव बैठकों के बीच विंध्य एक्सप्रेसवे विरोधी आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार

सटीक संवाद। चंदौली।31 जुलाई 2026। विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 19वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने गांव-गांव बैठकें कर आगामी बड़ी महापंचायत की तैयारियां तेज कर दी हैं।
धरने का फोटो 

किसान संघर्ष मोर्चा के संयोजक मणि देव चतुर्वेदी ने बताया कि ग्राम परेवा में आयोजित बैठक में किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे अपनी जान दे देंगे, लेकिन अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है तथा मांग की गई है कि सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल किसानों से वार्ता करे।
ग्राम सभा परेवा मे मीटिंग

उन्होंने कहा कि जब तक किसानों से सार्थक वार्ता नहीं होती, तब तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया का विरोध जारी रहेगा और किसानों की सहमति के बिना जमीन का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना पर पुनर्विचार किए जाने की आवश्यकता है ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके।

धरना स्थल पर किसान संघर्ष मोर्चा के संयोजक मणि देव चतुर्वेदी के साथ जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान, अधिवक्ता विद्याशंकर सिंह, राम नारायण यादव, संजय सिंह, मुरारी यादव, सतीश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। संयुक्त किसान मोर्चा ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन और धरना जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ