Hot Posts

6/recent/ticker-posts

विंध्य एक्सप्रेसवे पर किसान अड़े, वार्ता नहीं हुई तो मेड़ पर बैठेंगे

चंदौली, 25 जुलाई।
विंध्य एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित निर्माण के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 13वें दिन भी जारी रहा। मोर्चा के संयोजक एवं भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी ने बताया कि किसानों की ओर से वार्ता के संबंध में एक पत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया है, जबकि मुख्यमंत्री के नाम स्पीड पोस्ट के माध्यम से भी पत्र भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि किसान यूपीडा (UPIDA) के अधिकारियों के साथ वार्ता का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जिला प्रशासन से मांग की गई है कि जल्द से जल्द वार्ता की पृष्ठभूमि तैयार कर किसानों और अधिकारियों के बीच बातचीत सुनिश्चित कराई जाए।

मणि देव चतुर्वेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार किसानों से वार्ता नहीं करती है तो सभी किसान अपने-अपने खेतों की मेड़ पर आवश्यक साधन-संसाधनों के साथ बैठ जाएंगे और बातचीत होने तक किसी भी प्रकार की भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई का विरोध करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि 58 गांवों के किसान अपने संकल्प पर अडिग हैं और उनका कहना है कि "जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं देंगे।" किसान आंदोलन को और व्यापक बनाने के लिए गांव-गांव बैठकों का दौर जारी है। संयुक्त किसान मोर्चा जल्द ही एक बड़ी महापंचायत आयोजित करने की तैयारी में भी जुटा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ