Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भविष्य से खिलवाड़ बंद करो, युवाओं को रोजगार और न्याय दो" — चंद्रशेखर आजाद

आज लखनऊ के इको गार्डन में युवा महाप्रदर्शन

लखनऊ। पेपर लीक, NEET-NET परीक्षाओं में कथित धांधली और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में बड़े युवा प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेशभर से हजारों युवाओं के इस आंदोलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इस महाप्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि "भविष्य से खिलवाड़ बंद करो, युवाओं को रोजगार और न्याय दो।" उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाना और युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

आंदोलनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं को न्याय व रोजगार की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। आंदोलन से जुड़े नेताओं का कहना है कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं होता और युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उनका दावा है कि यह आंदोलन उत्तर प्रदेश की सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में देशभर के जिला मुख्यालयों पर भी व्यापक विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य मांगें:
पेपर लीक मामलों पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई।
NEET-NET सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता।
भर्ती प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और समयबद्ध नियुक्तियां।
युवाओं को रोजगार और न्याय की गारंटी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ