चंदौली। थाना अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 38.49 लीटर अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई 8 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने हनुमान मंदिर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान चार लोगों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार पुत्र स्वर्गीय युगेश्वर महतो निवासी वार्ड नंबर 17 स्टेशन रोड पश्चिम मोहन बिगहा, थाना डेहरी, जिला रोहतास बिहार, प्रकाश कुमार पुत्र स्वर्गीय मुरारी प्रसाद निवासी वार्ड नंबर 10 शारदा बिल्डिंग रूम नंबर 02 स्टेशन रोड, थाना डालमियानगर, जिला रोहतास बिहार, अंकित कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी वार्ड नंबर 14 रुपसपुर, थाना बुनियादगंज, जिला गया बिहार तथा महिला अभियुक्ता प्रीति कुमारी पुत्री राजेंद्र चौहान निवासी दीरी, थाना अकबरपुर, जिला नवादा बिहार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान रंजीत कुमार के कब्जे से सफेद रंग के प्लास्टिक के झोले में 38 अदद 8PM टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक टेट्रा पैक में 180 मिलीलीटर शराब थी। वहीं प्रकाश कुमार के पास से सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी में 35 ब्लू लाइम टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक पैक में 200 मिलीलीटर शराब थी।
इसी क्रम में अंकित कुमार के नीले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 23 रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल में 750 मिलीलीटर शराब थी। महिला अभियुक्ता प्रीति कुमारी के पास से सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी में 37 ब्लू लाइम टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक टेट्रा पैक में 200 मिलीलीटर शराब थी।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 38.49 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 38 अदद 8PM टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब, 23 अदद रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब और 72 अदद ब्लू लाइम टेट्रा पैक देशी शराब शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सभी बिहार के रहने वाले हैं। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहां शराब की मांग बनी रहती है। इसी का फायदा उठाकर वे उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि वे किसी एक दुकान से बड़ी मात्रा में शराब नहीं खरीदते थे। अलग-अलग शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर उसे एकत्र करते थे। इसके पीछे उनका उद्देश्य यह था कि बड़ी मात्रा में शराब ले जाते समय किसी को उन पर संदेह न हो।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 494/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चंदौली जिला बिहार की सीमा से जुड़ा होने के कारण यहां से बिहार में शराब की अवैध तस्करी की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों पर शिकंजा कसने का संदेश गया है।
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, हेड कांस्टेबल इंद्रजीत यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार और रिजर्व महिला कांस्टेबल दीपाली शुक्ल शामिल रहे। वहीं आरपीएफ टीम में सहायक उपनिरीक्षक राकेश सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया, कांस्टेबल आनंद कुमार और कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर पुलिस तथा आरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ