तिरंगा हमारी शान, भारत की पहचान—सकलडीहा पीजी कॉलेज में निकली जागरूकता रैली
सकलडीहा, चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सकलडीहा पी.जी. कॉलेज में गुरुवार को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।
महाविद्यालय परिसर से निकली रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा रोवर-रेंजर के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं के हाथों में लहराता तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है’ जैसे नारों से लोगों में देशप्रेम की भावना जगाई। रैली महाविद्यालय परिसर से निकलकर सकलडीहा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूक करती रही।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी श्रद्धा, सम्मान और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गौरव को बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान से जुड़ने का अवसर मिलता है।
रैली के दौरान महाविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा करने का संकल्प लिया। रैली में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पूरे अनुशासन के साथ रैली में शामिल हुए और लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में दैनिक जागरण के प्रतिनिधि श्री आशीष विद्यार्थी, प्रो. विजेंदर सिंह, प्रो. महेंद्र सिंह, प्रो. इंद्रदेव सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. रजनीश गुप्ता, डॉ. यज्ञनाथ पाण्डेय, अजय यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्याम लाल यादव, डॉ. योगेंद्र तिवारी, राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर समीम राईन सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, रोवर-रेंजर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता करें। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराते हुए स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति, एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाएं।
रैली के समापन पर राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वतंत्रता दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ