शहीदों की याद और तिरंगे के सम्मान में निकली एनसीसी की भव्य यात्रा
धानापुर, चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीदगांव के एनसीसी कैडेटों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। 91 यूपी एनसीसी बटालियन मुगलसराय के समादेश अधिकारी कर्नल सुखवीर पुनिया के निर्देशन में आयोजित इस यात्रा में कैडेटों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मोती लाल ने राष्ट्रीय ध्वज दिखाकर किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट अनुशासित कतार में आगे बढ़ते हुए मिर्जापुर, श्रीकांतपुर, डेढ़वलिया और शहीद गांव से होकर विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। रास्तेभर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने कैडेटों के उत्साह और देशभक्ति की भावना की सराहना की।
यात्रा के दौरान कैडेटों के हाथों में लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कैडेटों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया। एनसीसी कैडेटों की कदमताल और देशभक्ति के नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
इस अवसर पर एनसीसी मेजर लाल बिहारी ने कहा कि “तिरंगा सिर्फ कपड़े का टुकड़ा नहीं है। यह हमारे शहीदों के खून, करोड़ों देशवासियों के सपनों और हमारी राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा एकता की पहचान है। इसके नीचे हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी एक साथ खड़े होते हैं। तिरंगे के नीचे कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सभी भारतीय हैं।”
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों की जिम्मेदारी सामान्य नागरिकों की अपेक्षा और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि कैडेट अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी की भावना के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कैडेटों से राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य मोती लाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को याद करने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए एनसीसी अधिकारियों, कैडेटों और विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराते हैं और समाज में राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाते हैं।
तिरंगा यात्रा में संतोष कुमार, आशुतोष सिंह, हरीश श्रीवास्तव सहित एनसीसी कैडेट आयुषी मिश्रा, वैष्णवी पाण्डेय, अंकिता पाल, राजलक्ष्मी, आफरीन, शुभम यादव, अभिषेक पाल समेत अन्य कैडेट मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कैडेटों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
0 टिप्पणियाँ