Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बंद पड़े सामुदायिक शौचालयों पर सख्ती, तीन सचिवों को नोटिस; सात दिन में जवाब नहीं तो रुकेगा अगस्त का वेतन

डीएम के निर्देश पर वॉर रूम से शुरू हुई ऑनलाइन निगरानी

समूह विवाद और मानदेय भुगतान न होने से तीन गांवों के शौचालय मिले बंद

सटीक संवाद। सकलडीहा (चंदौली) जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में संचालित सामुदायिक शौचालयों की ऑनलाइन निगरानी तेज कर दी गई है। मंगलवार को वॉर रूम से हुई समीक्षा में सकलडीहा विकास खंड के टिमिलपुर, कम्हारी और बर्थरा गांवों के सामुदायिक शौचालय बंद पाए जाने पर संबंधित ग्राम सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सात दिनों के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देने पर अगस्त माह का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।
सावन माह में विशेष स्वच्छता अभियान के तहत जिलाधिकारी ने गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर सचिवों और केयरटेकरों की लापरवाही के चलते सामुदायिक शौचालय बंद मिले। जांच में सामने आया कि कुछ स्थानों पर स्वयं सहायता समूहों के विवाद तथा केयरटेकरों को समय से मानदेय न मिलने के कारण संचालन प्रभावित है।

एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय के निर्देश पर पंचायत विभाग के वॉर रूम से ऑनलाइन निरीक्षण कराया गया, जिसमें तीन ग्राम पंचायतों में शौचालय बंद मिलने पर संबंधित सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि वॉर रूम से लगातार निगरानी शुरू होने के बाद कई गांवों में बंद पड़े सामुदायिक शौचालय दोबारा संचालित होने लगे हैं। जिन गांवों में विवाद या मानदेय भुगतान की समस्या है, वहां भी शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
इस दौरान वॉर रूम में लल्लन, सतीश, मनीष सिंह, मिथिलेश, संजय, प्यारे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

सुबह-शाम होगी निगरानी, गूगल फोटो से होगी मॉनिटरिंग
सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत विभाग ने विशेष निगरानी टीम गठित की है। टीम प्रतिदिन सुबह और शाम गांवों का निरीक्षण करेगी तथा साफ-सफाई की स्थिति का गूगल फोटो वॉर रूम पर अपलोड करेगी। किसी भी शिकायत या लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित केयरटेकर और सफाईकर्मी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ