Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भागलपुर से गुजरात का सफर होगा आसान, अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी

26 अगस्त से अहमदाबाद और 28 अगस्त से भागलपुर से शुरू होगा परिचालन, डीडीयू समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

हाजीपुर। रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की खबर है। रेलवे ने भागलपुर और अहमदाबाद के बीच साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। पटना और अहमदाबाद के बीच वर्तमान में संचालित 09447/09448 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल को अब 19423/19424 भागलपुर-अहमदाबाद-भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया जा रहा है। नई सेवा शुरू होने से बिहार और गुजरात के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 19423 अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से होगा। वहीं गाड़ी संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 28 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से चलेगी।

22 कोच की होगी ट्रेन
नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो एलएसएलआरडी, एक पेंट्रीकार, 11 साधारण द्वितीय श्रेणी और आठ शयनयान श्रेणी के कोच शामिल होंगे। पेंट्रीकार की सुविधा से लंबी दूरी के यात्रियों को यात्रा के दौरान खानपान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

अहमदाबाद से भागलपुर का समय
गाड़ी संख्या 19423 प्रत्येक बुधवार को शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। गुरुवार को रात 9:13 बजे डीडीयू, 10:30 बजे बक्सर, 11:15 बजे आरा और 11:50 बजे दानापुर पहुंचेगी।
शुक्रवार को रात 12:43 बजे पटना जंक्शन, 1:25 बजे बख्तियारपुर, 2:08 बजे मोकामा, 3:30 बजे किउल, 4:01 बजे अभयपुर, 4:30 बजे जमालपुर और 5:13 बजे सुलतानगंज पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

भागलपुर से शुक्रवार को चलेगी वापसी ट्रेन

गाड़ी संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को शाम 4:45 बजे भागलपुर से रवाना होगी। यह 5:03 बजे सुलतानगंज, 6:13 बजे अभयपुर, 7:15 बजे किउल, 7:56 बजे मोकामा और 8:30 बजे बख्तियारपुर पहुंचेगी।
इसके बाद रात 9:58 बजे पटना जंक्शन, 10:21 बजे दानापुर, 10:53 बजे आरा और 11:41 बजे बक्सर पहुंचेगी। शनिवार को तड़के 2:53 बजे डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए रविवार को सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

कई प्रमुख शहरों से जुड़ेगी रेल सेवा

यह ट्रेन किउल, मोकामा, पटना, डीडीयू, सूबेदारगंज, टुंडला, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम और छायापुरी के रास्ते भागलपुर और अहमदाबाद के बीच संचालित होगी। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के यात्रियों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।

भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों से गुजरात जाने वाले यात्रियों को अब सप्ताह में एक दिन नियमित सीधी रेल सेवा मिलेगी। वहीं गुजरात से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी साबित होगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए क्लोन स्पेशल सेवा को अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित करने का निर्णय लिया है।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार 26 अगस्त से अहमदाबाद और 28 अगस्त से भागलपुर से इस ट्रेन का नियमित साप्ताहिक परिचालन शुरू होगा।