Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चंदौली : कोयला लदे ट्रक का लुटेरा इनामिया चढ़ा पुलिस के हत्थे

हत्या के प्रयास, चोरी, धोखाधड़ी, कूटरचना, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत नौ मुकदमों में आरोपी

रिपोर्ट ! रतन लाल 

चंदौली। सैयदराजा पुलिस टीम ने कोयला लदे ट्रक की लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार के इनामी अभियुक्त दिलशाद को सोमवार की शाम करीब 6:10 बजे पंचफेड़वा-अलीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही थी।

दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद उम्र 42 वर्ष ग्राम मरखामऊ नई बाजार, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक दिलशाद के खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, धोखाधड़ी, कूटरचना, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोयला लदे ट्रक की लूट से जुड़ा है मामला

पुलिस के अनुसार 27 नवंबर 2024 को इम्तेयाज खान ने थाना सैयदराजा में तहरीर दी थी। बताया गया कि ट्रक संख्या BR01GF8742 पर करीब 25 टन कोयला लादकर डेहरी से सीतापुर के लिए रवाना किया गया था। ट्रक को चालक इम्तेयाज खान और खलासी राजू सिंह लेकर जा रहे थे।

28 नवंबर 2024 की रात करीब 2:30 बजे ट्रक के संबंध में जानकारी मिली कि कोयला लदा ट्रक बगही-कुम्भापुर, थाना सैयदराजा क्षेत्र से लूट लिया गया है। काफी तलाश के बाद भी ट्रक का पता नहीं चल सका। इसके बाद वादी ने ट्रक के चालक और खलासी पर भी संदेह जताया। तहरीर के आधार पर थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 216/2024 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी मुकदमे में दिलशाद को वांछित बताया गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार को सूचना के आधार पर टीम ने पंचफेड़वा-अलीनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

नौ मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिलशाद का आपराधिक इतिहास कई गंभीर मामलों से जुड़ा है। उसके खिलाफ सैयदराजा के अलावा प्रयागराज, जौनपुर और अन्य थाना क्षेत्रों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 का एससी/एसटी एक्ट, मारपीट, लूट और धमकी से संबंधित मामला भी शामिल है।

वर्ष 2024 में मऊआइमा थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी की संपत्ति रखने, धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। सोरांव और थरवई थानों में चोरी, डकैती और धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं मड़ियाहूं थाने में हत्या के प्रयास, चोरी की संपत्ति रखने तथा गैंगस्टर एक्ट से संबंधित अभियोग दर्ज है। बड़ागांव थाने में भी लूट और डकैती से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

छह सदस्यीय टीम ने की गिरफ्तारी

अभियुक्त की गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। टीम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक मोहम्मद असलम, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश चन्द्र यादव और कांस्टेबल संजय पटेल शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार वांछित और इनामिया अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार दिलशाद से संबंधित मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब लूट के मामले में उसकी भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।