चंदौली। सकलडीहा कस्बे में बुधवार की रात केक वापस करने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार की सुबह व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों का एक जत्था सकलडीहा कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर आरोपी ग्राहक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि बुधवार की रात करीब 8:40 बजे ग्राम सिरोहुपुर निवासी अमित कुमार राय पुत्र अमरनाथ राय केक वापस करने को लेकर दुकानदार राज चौरसिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
दुकानदार के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर कस्बे के व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। गुरुवार सुबह पीड़ित के साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित अन्य व्यापारी कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि बाजार में दुकानदारों के साथ इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
विजुअल: व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी की जुबानी सुनिए
मामले में सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।