चंदौली में एसडीएम ने धानापुर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण

अधीक्षक समेत दस स्वास्थयकर्मी गायब रहे, करवाई के लिए उच्चाधिकारी को भेजा रिपोर्ट 

चंदौली,धानापुर।  सकलडीहा उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने धानापुर समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मंगलवार को अचानक जा धमके। इस दौरान उन्होंने अधीक्षक समेत 10 स्वास्थ्य कर्मी को गायब पाया। साफ सफाई व्यवस्था में भी काफी लापरवाही देख उपजिलाधिकारी ने तत्काल सभी के खिलाफ कठोरतम कार्यवाई के लिए उच्चाधिकारी को पत्र लिखकर रिपोर्ट भेजा।

औचक जॉच में एसडीएम अनुपम मिश्रा ने धानापुर समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सारी पोल खोल कर रख दी। लगभग दर्जन भर चिकित्सकों के सहारे चलने वाले अस्पताल पर एक ही डॉक्टर पाया गया। सीएचसी अधीक्षक रमेश कुमार समेत दस स्वास्थ्यकर्मी गायब मिले। काफी संख्या में मरीजों ओपीडी में ईधर उधर भटकते और इन्तजार करते देखे गए। साफ सफाई की व्यवस्था भी समूचित नहीं मिलने पर हतप्रभ एसडीएम ऐक्शन मोड में आ गए और कठोरतम कार्यवाई के लिए तत्काल जिलाधिकारी सहित सीएमओ चन्दौली को पत्र लिखकर रिपोर्ट प्रेषित किया।

विदित हो कि सूबे की सरकार जहां एक तरफ लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दावा कर रही है वहीं उसके ही मातहत हवा निकाल रहे हैं। आलम यह हो गया है कि भारी भरकम वेतन मिलने के बाद भी स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल पहुंचने में रूचि नहीं ले रहे हैं। यह सच्चाई धानापुर समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर फिर एक बार साबित हो गई है।

इस बाबत पूछे जाने पर सकलडीहा उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी चंदौली निखिल टी फुंडे के निर्देश पर अस्पतालों की जॉच, सुविधा व्यवस्था, और मरीजों का हाल जाननें के लिए निरीक्षण किया गया है। यह जॉच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।