डायट पर जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

नवाचारी कार्यों एवं आगामी निपुण सर्वे की कार्य योजना सहित विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा 

 विभिन्न पदाधिकारियों को अपने नैतिक दायित्वों के निर्वहन हेतु तत्परता से कार्य करने पर दिया गया बल

चंदौली, निपुण भारत मिशन एवं अन्य शैक्षिक गतिविधियों को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी व एआरपी, डायट मेंटर व जिला समन्वयक की सितंबर माह की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक श्री विकायल भारती, प्राचार्य की अध्यक्षता में शुक्रवार को डायट चन्दौली के स्मार्ट कक्ष में सम्पन्न हुई।

केपीआई लक्ष्य एवं निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर पूर्व सूचना के आधार पर आयोजित इस समीक्षा बैठक में निपुण लक्ष्य की विकास खंडवार स्थिति, सपोर्टिव सुपरविजन स्थिति, क्लासरूम ट्रांजैक्शन, विद्यालयों में अकादमिक गतिविधि, दीक्षा एवं यूट्यूब पर साझा वीडियो की स्थिति, शिक्षण संकुल बैठक के आयोजन , पुस्तकालय की सक्रियता, बीआरसी पर प्रशिक्षण/ गतिविधि के आयोजन, नवाचारी कार्यों एवं आगामी निपुण सर्वे की कार्य योजना सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।

 साथ ही बैठक में दिसम्बर 2024 तक गोंद लिए परिषदीय विद्यालयों के निपुण बनाने हेतु कार्ययोजना व क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी। इस दौरान डायट प्राचार्य द्वारा समस्त शिक्षकों एवं सपोर्टिव सुपरविजन एवं निरीक्षण में लगे विभिन्न पदाधिकारियों को अपने नैतिक दायित्वों के निर्वहन हेतु तत्परता से कार्य करने पर जोर दिया गया।

 उन्होंने अपने उद्बोधन में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समस्त अकादमिक टीम से निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और शिक्षकों से मिलकर काम करने की अपील की ताकि जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।

बैठक प्रभारी डॉ० जितेन्द्र सिंह ( प्रवक्ता) द्वारा डैशबोर्ड आधारित समीक्षा बैठक ली गयी। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाध्यापक की बैठक बीआरसी स्तर पर यथाशीघ्र इस माह में करा लेने के निर्देश दिए गए। सकलडीहा खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश कुमार राय द्वारा विद्यालयों को निपुण बनाने हेतु कार्ययोजना एवं व्यावहारिक पक्षों पर अपने विचार साझा किए गए।

 बैठक में आगामी माह हेतु कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से सभी खंड शिक्षा अधिकारी, डायट प्रवक्ता, एस आर जी, एआरपी व एल एल एफ के प्रतिनिधि नीरज पांडे सहित अन्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर एल एल एफ प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किये। 

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह, मनोज यादव, एसपी सहाय, रामटहल, डायट प्रवक्ता डॉ० रोशन सिंह, डॉ बैजनाथ पांडेय, प्रवीण राय, केदार यादव, समस्त एसआरजी, एआरपी उपस्थित रहे। प्राचार्य द्वारा प्रेरणात्मक उद्बोधन व धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।