लूट के कुल 2.36 लाख नगदी, घटना में शामिल दो मोटर साइकिल, एक अवैध तमंचा और पांच मोबाइल फोन बरामद किया है
चंदौली, जनपद के सकलडीहा कोतवाली अंर्तगत बीते दिनों बीसी संचालक से लगभग चार लाख रूपये की लूट का मामला प्रकाश में आया था। भुक्तभोगी वादी की शिकायत पर पुलिस मामले को दर्ज कर तत्परता दिखाते हुए बुधवार को लूट की घटना का पर्दाफाश किया है।
बीते शनिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे सकलडीहा कोतवाली अंर्तगत नईबाजार चौकी क्षेत्र के पौनी नागनपुर मार्ग पर तुलसी आश्रम बैंक शाखा संचालक सुनील प्रजापति पुत्र रामजनम प्रजापति निवासी ग्राम फुल्ली थाना सकलडीहा जनपद चंदौली से बाइक सवार अज्ञात तीन बदमाशों ने असलहा दिखाते हुए रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भुक्तभोगी की शिकायत पर मामला को दर्ज कर सुहेल खान पुत्र स्व. साहब अली व अमित यादव पुत्र रामअवध यादव निवासीगण नोनार तुलसीआश्रम थाना स्थानीय व दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2.36 लाख नकदी, घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल, एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस और 05 मोबाइल फोन बरामद कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने इस बाबत बताया कि पकड़े गए कुल चार अपराधियों मे दो बाल अपचारी है। साथ ही एक अपराधी की तलाश जारी है। पकड़े गए अपराधियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस एवं सर्विलांस टीम को पन्द्रह हजार रूपए इनाम देने की घोषणा किया है।