15 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, पीड़ित से हर बार पूछे जा रहे नए सवाल
चंदौली के सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर 2 मई को हुई बाइक चोरी के लगभग 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। शिकायतकर्ता परिवार लगातार कोतवाली का चक्कर लगा रहा है, लेकिन उन्हें टालमटोल के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं मिली है।
बहरवानी गांव निवासी शंकर ने बताया कि उनकी बहू रेलवे में कार्यरत हैं। 2 मई को शंकर के पुत्र राहुल स्टेशन पर अपनी भाभी को खाना देने गए थे और उन्होंने अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक (नंबर U.P.67V2016) स्टेशन के बाहर पार्क की थी।
जब राहुल वापस लौटे तो बाइक गायब थी। उन्होंने तत्काल 112 पर सूचना दी और उसी दिन कोतवाली में तहरीर भी दी थी।परिजन आरोप लगाते हैं कि घटना के 15 दिन बाद तक पुलिस न तो बाइक बरामद कर पाई है और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई है। राहुल ने कहा कि वे बार-बार कोतवाली जा रहे हैं, पर हर बार उनसे नए सवाल पूछे जा रहे हैं और शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
इस मामले में सर्किल ऑफिसर कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि मुकदमा न दर्ज होना गलत है और उन्होंने पीड़ित को आश्वासन दिया कि उनसे मिलकर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई और बाइक बरामदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी है। पीड़ित परिवार ने जल्द कार्रवाई और बाइक की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ