चंदौली, 22 जून 2026। थाना सैयदराजा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 पर विशेष चेकिंग के दौरान भूसी की बोरियों में छिपाकर बिहार भेजी जा रही अवैध शराब व बीयर की भारी खेप जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त माल की कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई ADG वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया व DIG वैभव कृष्ण के निर्देशन में SP चंदौली आकाश पटेल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। ASP सदर अनन्त चन्द्रशेखर व CO सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना पर टीम ने ग्राम जेठमलपुर ओवरब्रिज के पास NH-19 पर बाध्यकर चेकिंग की, जहां वाहन संख्या BR24GC4673 (महिन्द्रा बोलेरो पिकअप) की तलाशी लेने पर भूसी की 15 प्लास्टिक बोरियों के नीचे छिपाकर रखी शराब और बीयर बरामद हुई।
बरामदगी के मुताबिक टीम ने 18 पेटी देशी शराब (ब्रांड: ब्ल्यू लाइम) और 38 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर जब्त की। हर पेटी में देशी शराब के 45 पाउच (प्रत्येक 200 मिली) और बीयर की पेटियों में 24 केन (प्रत्येक 500 मिली) थे। बरामद कुल सामग्री की मात्रा लगभग 618 लीटर आंकी गई। मौके से एक मोबाइल फोन व बोलेरो पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार यादव (28) पुत्र नंद कुमार सिंह, निवासी ग्राम खेलड़िया, थाना विक्रमगंज, जनपद रोहतास, बिहार तथा शुभम कुमार (19) पुत्र स्व0 अनिल, निवासी सखनुसराय, सासाराम, थाना नगर, जनपद रोहतास, बिहार के रूप में हुई।
दोनों के खिलाफ थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0-197/2026 के तहत धारा 60/63 उत्तर प्रदेश उत्पाद शुल्क अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है।
गिरफ्तार एवं कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उ0नि0 रामकुमार दुबे, आरक्षी बृजेश चौहान, आरक्षी शंकर प्रसाद, रि0आ0 मनीष कुमार, रि0आ0 राबिन्स और चालक का0 राजू सिंह शामिल थे। SP चंदौली आकाश पटेल ने बताया कि विभाग की नीति अवैध शराब तस्करी के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' है और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
0 टिप्पणियाँ