पूर्वांचल नेत्रालय एवं रेटीना केयर सेंटर के सहयोग से आयोजित शिविर में आधुनिक उपकरणों से हुई जांच, डीआरएम ने किया निरीक्षण
चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल की ओर से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के उद्देश्य से बुधवार को मंडल मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब में निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पूर्वांचल नेत्रालय एवं रेटीना केयर सेंटर, वाराणसी के सहयोग तथा महिला कल्याण संगठन की पहल पर आयोजित किया गया।
शिविर में पूर्वांचल नेत्रालय के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश कुमार पांडेय एवं निदेशक बृजेश पांडेय के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम ने लगभग 300 रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों की आधुनिक उपकरणों से नेत्र जांच की। इस दौरान दृष्टि परीक्षण, मोतियाबिंद एवं ग्लूकोमा की प्रारंभिक स्क्रीनिंग, चश्मे के पावर का निर्धारण तथा अन्य नेत्र संबंधी जांचें की गईं। जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, निःशुल्क आई ड्रॉप तथा आगे के उपचार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शिविर का निरीक्षण किया और स्वयं भी नेत्र परीक्षण कराकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से नेत्र स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों से नियमित नेत्र परीक्षण कराने तथा ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू मंडल की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह एवं संगठन की अन्य सदस्याएं भी मौजूद रहीं। उन्होंने शिविर का अवलोकन किया और स्वयं भी नेत्र परीक्षण कराया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता नितिन कुमार सहित मंडल के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग और लंबे समय तक स्क्रीन पर कार्य करने के कारण नियमित नेत्र परीक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नेत्र संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने में काफी सहायता मिलती है।
0 टिप्पणियाँ