Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बिना टिकट यात्रा करते 696 यात्री पकड़ाए, रेलवे ने 5.36 लाख रुपये जुर्माना वसूला

डीडीयू मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर चला मेगा टिकट जांच अभियान, अनियमित यात्रा करने वालों पर हुई कार्रवाई
डीडीयू नगर, चंदौली। बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ डीडीयू मंडल रेलवे द्वारा लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार 29 जुलाई 2026 को डीडीयू जंक्शन, सासाराम, डेहरी ऑन सोन एवं गया जंक्शन पर विशेष मेगा टिकट जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान रेलवे के टिकट जांच कर्मचारियों और रेल सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर यात्रियों की जांच की। इसके साथ ही विभिन्न ट्रेनों में भी सघन टिकट जांच कर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच अभियान के दौरान कुल 696 यात्री बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए। रेलवे द्वारा इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 5 लाख 36 हजार 760 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें। रेलवे ने बताया कि टिकट प्राप्त करने के लिए टिकट काउंटर के अलावा रेलवन मोबाइल एप, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और अन्य अधिकृत माध्यम उपलब्ध हैं, जिनसे यात्री आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बिना टिकट यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने और यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डीडीयू मंडल द्वारा इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ