Hot Posts

6/recent/ticker-posts

तस्करी की छिपाई गई खेप लेने पहुंचा इनामी आरोपी दबोचा गया

मुर्गी दाने की बोरियों में छिपाकर पश्चिम बंगाल भेजी जा रही थी कोडीन कफ सिरप

चन्दौली। थाना अलीनगर पुलिस ने अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त उस अवैध खेप को लेने पहुंचा था, जिसे पुलिस कार्रवाई के दौरान पहले छिपाकर रख दिया गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के समीप एक संदिग्ध लावारिस ट्रक की तलाशी ली थी। ट्रक में मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडीन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान दयाशंकर पुत्र स्वर्गीय जनक सिंह, निवासी ग्राम जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद का नाम प्रकाश में आने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बुधवार को प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास घेराबंदी कर अभियुक्त दयाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की शीशियों में कुल 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक का चालक है। वाराणसी से गुवाहाटी भेजे जा रहे मुर्गी दाने के ट्रक में प्रयागराज से कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाना था। पुलिस द्वारा ट्रक पकड़े जाने के दौरान वह और उसके साथी कुछ अवैध खेप निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। वह उसी छिपाई गई खेप को लेने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने पहले ही जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ