पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर अमरीपुर नहर पुलिया से सेवढ़ी मढ़ई निवासी आकाश यादव (22) और सोनू कुमार (26) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों को निशाना बनाकर घंटे, पूजा सामग्री, मुकुट समेत अन्य कीमती सामान चोरी करते थे। चोरी का अधिकांश सामान राह चलते कबाड़ियों या अन्य लोगों को बेच देते थे और मिले रुपये खर्च कर देते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 1 अगस्त को फूलपुर स्थित हनुमान मंदिर, 2 अगस्त को रामशाला लक्ष्मणगढ़ मंदिर तथा 30 व 31 जुलाई को महगांव स्थित मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। इसके अलावा शाहबगंज क्षेत्र के बड़ौरा और सेमरा गांव के मंदिरों में भी चोरी करना स्वीकार किया है।
बरामद सामान के संबंध में थाना बलुआ में दर्ज तीन मुकदमों तथा शाहबगंज थाना क्षेत्र की घटनाओं से भी कड़ी जुड़ी हुई है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ