Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पुणे में पकड़ाया अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी, भेजा जेल, अपहृता बरामद

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रविवार को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को सकलडीहा थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी को आरोपी गोविंद राय बहला-फुसलाकर अपने साथ महाराष्ट्र ले गया था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर सकलडीहा कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार तलाश की। जांच के दौरान टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में दबिश देकर आरोपी गोविंद राय को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और किशोरी अलग-अलग समुदाय से हैं। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं बरामद किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद, नई बाजार चौकी प्रभारी जनक सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश यादव तथा हेड कांस्टेबल हेमंत राज शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ