Hot Posts

6/recent/ticker-posts

तीन साल से बंद सामुदायिक शौचालय पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चक्का जाम की चेतावनी

कंजेहरा गांव में प्रदर्शन, ग्रामीण बोले– लाखों की लागत से बना शौचालय बना शोपीस; एडीओ पंचायत ने बताया न्यायालय में मामला लंबित

चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव में तीन साल से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने शौचालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से बने सामुदायिक शौचालय पर वर्षों से ताला लटका है, जिससे लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शौचालय का संचालन शुरू नहीं कराया गया तो वे सैयदराजा–जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करेंगे। प्रदर्शन में भोला राम, नरेश राम, महेश्वर राम, निशा देवी, शशिकला और चंद्रमा प्रसाद सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।

एडीओ पंचायत प्रेमचंद ने बताया कि "सामुदायिक शौचालय व्यक्तिगत जमीन पर बन गया है। जमीन स्वामी ने उस पर ताला लगा दिया है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द शौचालय को आम जनता के लिए चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।"

फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि बंद पड़े इस सामुदायिक शौचालय का ताला आखिर कब खुलता है और लोगों को राहत मिलती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ