Hot Posts

6/recent/ticker-posts

श्रावणी मेला को लेकर डीडीयू मंडल की व्यापक तैयारी

श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था

30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन

यात्री सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी

मंडल मुख्यालय पर वार रूम सक्रिय

चंदौली। पवित्र श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेला अवधि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधा, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं निर्बाध रेल परिचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना के निर्देशानुसार पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन एवं अनुग्रह नारायण रोड सहित अधिक यात्री दबाव वाले स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था के लिए स्टैंडबाय रेक तैयार रखे गए हैं।

भीड़ नियंत्रण एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म, बुकिंग क्षेत्र, फुट ओवर ब्रिज एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर अतिरिक्त आरपीएफ, जीआरपी एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मंडल कार्यालय पर बनाए गए 'वार रूम' से उच्च स्तर पर प्रमुख स्टेशनों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग, कतार व्यवस्था तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों का मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा।

वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था के साथ प्रमुख स्टेशनों पर 'May I Help You' बूथ एवं 24 घंटे यात्री सहायता केंद्र सक्रिय रहेंगे। खानपान की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।

मेला अवधि के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीडीयू मंडल द्वारा श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ