सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के मनिहरा और धरहरा में कोहरा के कारण हुआ हादसा, परिवार में मातम
चंदौली (सकलडीहा) : कड़ाके की शीत लहर और कोहरा के कारण आये दिन मौत की घटना से लोगो में दहशत व्याप्त है । शुक्रवार की देर रात कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के समीप सड़क हादसा में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गयी । वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये । घटना के बाद पहुँच कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर पी.एम. की कार्रवाई में जुट गयी । वही घायलों को सकलडीहा सी.एच.सी से जिला अस्पताल भेजा गया । घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है ।
बलुआ थाना के देवाइतपुर गांव निवासी मेवा पांडेय के दो पुत्र आंशु पांडेय और कृष्णा पांडेय तथा दो पुत्रियाँ रेनु पांडेय और रूबी पांडेय है । आंशु पांडेय और कृष्णा पांडेय दोनों बंगलौर में ग्रेनाईट कंपनी में काम करते हैं । एक सप्ताह पूर्व अपने गाँव दोनों भाई आये हुए थे ।
शुक्रवार को सुबह 32 वर्षीय आंशु पांडेय अपने चचेरे भाई चंदन पांडेय के साथ ईटवा गांव में किसी से मिलने के लिये आये हुए थे । शाम को सात बजे करीब घर लौट रहे थे । मनिहरा गाँव के समीप सामने से आ रही पिकअप की जोरदार टक्कर से आंशु पांडेय व चंदन पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गये ।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को कोतवाली पैंथर पुलिस सकलडीहा सी.एच.सी लाया। जहाँ आंशु पांडेय को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल चंदन पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया । घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया ।
वहीं दूसरी ओर धरहरा में पिकअप और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गयी । जिसमें पिकअप चालक वाराणसी के फूलपुर बचौरा गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया । हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया ।
कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक को शव का पीएम के लिये भेज दिया गया है। पी.एम. के बाद शव को परिजनों को सौप दिया जाएगा ।
अयोध्या भगवान राम का दर्शन के लिए घर आया था आंशु
मृतक आंशु पांडेय अपने भाई कृष्णा के साथ नये साल पर अयोध्या भगवान राम के दर्शन-पूजन के लिए घर आया हुआ था। क्या पता कि परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट जाएगा। घटना के बाद पत्नी शिम्पी पांडेय, 12 वर्षीय पुत्री अदिति पांडेय व आठ वर्षीय पुत्र कौशल पांडेय, माता सोना पांडेय व पिता मेवा पांडेय और भाई-बहनों का रोते-रोते बुरा हाल था।
0 टिप्पणियाँ